
इंडियन टीम ने ओडीआई सीरीज की सफलता को टी20 सीरीज में भी कन्टिन्यू रखा है। भारत ने पहले मैच में साउथ अफ्रीका को बुरी तरीके से 101 रनों के मार्जिन ने रौंद दिया है। कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 101 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। इंजरी के चलते दो महीनों तक बाहर रहने वाले स्टार ऑलराउंडर और टीम की बैकबोन हार्दिक पंड्या ने टीम में धमाकेदार वापसी की और ताबड़तोड़ अर्धशतक जमाकर भारत को 175 रनों के लक्ष्य तक पहुंचा दिया। इसके बाद गेंदबाजों के साझा प्रयासों के दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका को मात्र 74 रन पर ढेर कर दिया। वैसे साउथ अफ्रीका का ये टी20 इंटरनेशनल में सबसे छोटा स्कोर है।
हार्दिक का ताबड़तोड़ कम्बैक
साउथ अफ्रीका के खिलाफ़ पहले टी20 में लंबे समय से बाहर चल रहे स्टार आल राउंडर हार्दिक पाण्ड्या टीम में वापसी कर रहे थे। और न सिर्फ़ वापसी की बल्कि हार्दिक ने दमदार प्रदर्शन से टीम को मैच भी जितवाया। बल्लेबाजी के दौरान पाण्ड्या ने 28 गेंदों पर 59 रनों की धमाकेदार पारी खेली जिसमें 6 चौके और 4 छक्के शामिल थे, साथ ही गेंदबाज़ी में भी उन्होंने 1 विकेट हासिल किया। उनके इस कमाल के प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
भारत की तरह ही साउथ अफ्रीका की शुरुआत भी खराब रही और पहले ही ओवर में अर्शदीप सिंह ने क्विंटन डिकॉक को अपना शिकार बनाया, साथ ही साथ ट्रिस्टन स्टब्स भी जल्दी ही अर्शदीप सिंह का शिकार बन गए। एडन मार्करम और डेवाल्ड ब्रेविस ने कुछ बड़े शॉट लगाए लेकिन जैसे ही अक्षर पटेल ने साउथ अफ्रीकी कप्तान मार्करम को बोल्ड किया, धीरे-धीरे विकेटों का पतझड़ लगने लगा। इसके बाद तो हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह ने मिलकर साउथ अफ्रीका को सिर्फ 74 रन पर ढेर कर दिया। टीम इंडिया के लिए अर्शदीप, बुमराह, अक्षर और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट हासिल किए। नतीजा ये कि अफ्रीकी टीम 12.3 ओवरों में ही ऑल आउट हो गई। ये साउथ अफ्रीका का टी20 इंटरनेशनल में सबसे छोटा स्कोर भी है। इससे पहले उसका सबसे छोटा स्कोर 87 रन था और वो भी 2022 में भारत के खिलाफ ही आया था। वहीं कटक के मैदान पर लगातार 2 टी20 मैच जीतने वाली साउथ अफ्रीकी टीम अपनी हैट्रिक भी पूरी नहीं कर सकी।
बुमराह का भी बड़ा रिकॉर्ड
टीम के मैच जीतने के साथ साथ जसप्रीत बुमराह ने भी बड़ा रिकॉर्ड बना दिया। जसप्रीत तीनों फॉर्मेट में 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज़ बन गए हैं। उनसे पहले ये कीर्तिमान शकिब अल हसन, लसिथ मलिंगा, टिम सऊदी, शाहीन अफरीदी ने हासी किया है।




