संस्कार श्रीवास्तव: लखनऊ के विकासनगर सेक्टर-12, रिंग रोड के किनारे बसी एक अवैध बस्ती में बुधवार शाम करीब 5 बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लगभग 1200 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इस हादसे में कई बच्चों और जानवरों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है।आग लगने के बाद झोपड़ियों में रखे लगभग 100 गैस सिलेंडर एक-एक कर फटने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे।सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और दमकल की टीमें सूचना मिलने के काफी देर बाद पहुंचीं, जिसके कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।इस दौरान नाराज़ लोगों की अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई। वहीं, अपना सामान निकालने के दौरान चार लोग मामूली रूप से झुलस गए।प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। दूसरी ओर स्थानीय लोगों का दावा है कि आग पास के एक शराब के ठेके से शुरू हुई थी।
शुरुआती प्रयासों में आग को काबू करने की कोशिश की गई, लेकिन कुछ ही समय में वह बेकाबू हो गई।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आग से प्रभावित लोगों को राहत देने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। वहीं, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है।



