हुजूरपुरा रोड स्थित श्रम विभाग द्वारा संचालित विहान बालिका आवासीय विद्यालय में इंद्रावती निर्भयम फाउंडेशन की ओर से छात्राओं के साथ स्नेहपूर्ण वातावरण में खुशियां साझा की गईं। फाउंडेशन द्वारा विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं के लिए समोसे एवं लड्डू का वितरण किया गया, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह और प्रसन्नता का माहौल देखने को मिला।फाउंडेशन के निदेशक विश्वामित्र पांडेय (अधिवक्ता) शनिवार सायं लगभग 5 बजे लखनऊ से बहराइच भ्रमण के दौरान विद्यालय पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहन-सहन एवं रुचियों के बारे में जानकारी ली। छात्राओं की पसंद और रुचि को ध्यान में रखते हुए उन्होंने सोमवार को विशेष रूप से अल्पाहार वितरण कराने का निर्णय लिया।निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को विद्यालय परिसर में समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मियों की उपस्थिति में छात्राओं को समोसे और लड्डू वितरित किए गए।
इस अवसर पर पूर्णकालिक शिक्षिकाएं पूजा एवं निधि मिश्रा, लेखाकार धर्मेंद्र, अंशकालिक शिक्षिकाएं प्रियंका एवं भूरत्नप्रभा, रसोइया रामवती, मालती तथा चेतराम सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के उपरांत निदेशक विश्वामित्र पांडेय ने टेलीफोन के माध्यम से बालिकाओं की भावनाएं जानी और कहा कि बालिकाओं को न केवल शिक्षा बल्कि स्नेह, आत्मविश्वास और सकारात्मक वातावरण की भी आवश्यकता होती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फाउंडेशन भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं शैक्षिक सहयोगात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से बालिकाओं का उत्साहवर्धन करता रहेगा।अल्पाहार वितरण के दौरान छात्राओं के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। विद्यालय प्रशासन एवं कर्मियों ने फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे छात्राओं के मनोबल को बढ़ाने वाला बताया।



