जनपद में लगातार बढ़ रही ठंड और शीतलहर के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी प्रतापगढ़ के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा आदेश जारी करते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया गया है।जारी आदेश के अनुसार जनपद के बेसिक शिक्षा परिषद के अंतर्गत संचालित समस्त परिषदीय, सहायता प्राप्त विद्यालय, मान्यता प्राप्त विद्यालय तथा बोर्ड से मान्यता प्राप्त मदरसा (कक्षा 1 से 8 तक) अब प्रातः 10.00 बजे से अपराह्न 3.00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह व्यवस्था शीतलहर और अत्यधिक ठंड के मद्देनज़र बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लागू की गई है।
बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता
शिक्षा विभाग का मानना है कि सुबह के समय तापमान अत्यधिक गिर जाने से छोटे बच्चों को सर्दी-जुकाम, बुखार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। बदले हुए समय से बच्चों को ठंड से राहत मिलेगी और अभिभावकों की चिंता भी कम होगी।आदेश के सख्त अनुपालन के निर्देशजिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को भी स्पष्ट रूप से कहा गया है कि निर्धारित समय के बाहर कक्षाएं न संचालित की जाएं।*अभिभावकों और शिक्षकों में संतोष*विद्यालय समय में परिवर्तन के फैसले का अभिभावकों और शिक्षकों ने स्वागत किया है। अभिभावकों का कहना है कि यह निर्णय बच्चों की सेहत को ध्यान में रखकर लिया गया एक संवेदनशील और आवश्यक कदम है। वहीं शिक्षकों का मानना है कि इससे पठन-पाठन पर असर पड़े बिना बच्चों को सुरक्षित माहौल मिलेगा।



