क्रिकेट के किंग विराट कोहली का जलवा पहले क्रिकेट के मैदान में दिखा और सीरीज खत्म होने के साथ क्रिकेट की आईसीसी रैंकिंग्स में भी किंग जलवा अपने उफ़ान पर है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ गज़ब का प्रदर्शन करने वाले विराट कोहली ताजा आईसीसी वनडे रैंकिंग्स में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं। विराट कोहली ने दो बल्लेबाजों को पछाड़ते हुए दूसरी पोजिशन को हासिल किया है। दाएं हाथ का ये बल्लेबाज न्यूजीलैंड के डैरिल मिचेल और अफगानिस्तान के बल्लेबाज इब्राहिम जादरान को पीछे छोड़ते हुए दूसरी पोजिशन पर पहुंचा है। इस फेरबदल में सबसे बड़ी बात ये है कि रोहित शर्मा नंबर 1 रैंक पर ही बने हुए हैं लेकिन विराट कोहली उनके लिए भी एक बड़ा खतरा बन चुके हैं।
विराट कोहली ताजा आईसीसी वनडे रैंकिंग में 773 प्वाइंट के साथ दूसरे नंबर पर पहुँच गए हैं। विराट रोहित शर्मा से महज 8 प्वाइंट दूर हैं। रोहित के रैंकिंग्स में 781 अंक हैं और वो वनडे के टॉप बल्लेबाज बने हुए हैं। हालांकि अब विराट उन्हें पछाड़ने के बेहद करीब पहुँच गए हैं। आपको यह भी बता दें विराट कोहली साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज भयानक फॉर्म में नज़र आ रहे थे। तीन मैचों की वनडे सीरीज में विराट ने 151 की औसत से 302 रन बना डाले। रांची और रायपुर वनडे में तो उन्होंने लगातार दो शतक जमा दिए थे। आखिरी मैच में भी विराट नाबाद 65 रन बनाकर जीत के साथ पवेलियन लौटे थे। ऐसे विंटेज विराट कोहली को देखते हुए सभी का बस यही कहना है कि वे ओडीआई क्रिकेट के बचे सारे रिकॉर्ड्स भी अपने नाम पर कर लेंगे। कोहली के साथ संयोग ही पता नहीं कैसे खराब हो गया था जो वे टेस्ट क्रिकेट में अपनी पुरानी फ़ॉर्म खो चुके थे, और रन बनाने से भी जूझ रहे थे। लेकिन अभी उनकी ओडीआई फॉर्मैट में लय को देखते हुए यह कहना गलत नहीं होगा कि विराट टेस्ट क्रिकेट को आगे भी कन्टिन्यू रख सकते थे।
विराट कोहली आखिरी बार वनडे में नंबर 1 अप्रैल 2021 में बने थे। इस दिग्गज खिलाड़ी ने 1258 दिनों तक नंबर 1 बल्लेबाज की रैंकिंग को अपनी बादशाहत से अपने नाम पर बरकरार रखा था। साल 2017 से अप्रैल 2021 तक विराट कोहली नंबर 1 वनडे बल्लेबाज थे। साल 2021 में पाकिस्तान के बाबर आजम ने उन्हें पछाड़ा था। लेकिन विराट कोहली को एक बार फिर ओडीआई क्रिकेट में नंबर 1 बल्लेबाज बनने का मौका अगले साल ही मिलेगा। टीम इंडिया को अगली वनडे सीरीज न्यूजीलैंड के खिलाफ जनवरी में खेलनी है। ये सीरीज 11 जनवरी से शुरू होनी है, जिसका पहला मैच वडोदरा में खेला जाना तय हुआ है। तीन मैचों की इस वनडे सीरीज में अगर रोहित ने जरा सा भी खराब प्रदर्शन किया और विराट कोहली के बल्ले से पिछली सीरीज की तरह अच्छे-खासे रन निकल गए तो ये कहना गलत नहीं होगा कि रोहित की नंबर 1 की कुर्सी विराट छीन सकते हैं।




