श्रेया मेहरोत्रा: उत्तर प्रदेश सरकार ने भगवान श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा-वृंदावन को और बेहतर और आकर्षक बनाने की दिशा में एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने वृंदावन के प्रसिद्ध परिक्रमा मार्ग के विकास के लिए ₹21.28 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य परिक्रमा मार्ग को साफ-सुथरा, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुविधाजनक बनाना है। इसके तहत आसपास की इमारतों के बाहरी हिस्से (फसाड) को सुंदर बनाया जाएगा और जगह-जगह आधुनिक साइन बोर्ड लगाए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कोई परेशानी न हो।
सरकार ने इस परियोजना के लिए पहली किस्त के रूप में ₹10.90 करोड़ भी जारी कर दिए हैं, जिससे काम जल्द शुरू किया जा सके
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस पहल से न सिर्फ श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सरकार का लक्ष्य है कि मथुरा-वृंदावन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में इस योजना को जमीन पर उतारने की पूरी तैयारी कर ली गई है। इस परियोजना को पूरा करने की जिम्मेदारी मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण को सौंपी गई है, जो तय मानकों के अनुसार काम करेगा।



