Homeउत्तर प्रदेशगंगा में बीयर पार्टी पर सियासत, अखिलेश का वार- 'बीजेपी राज में...

गंगा में बीयर पार्टी पर सियासत, अखिलेश का वार- ‘बीजेपी राज में तनाव से पी रहे लोग’

दृष्टि कपूर: वाराणसी में गंगा नदी की नाव पर बीयर पार्टी का वीडियो वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के एक बयान ने इस मामले को राजनीतिक रंग दे दिया है। वहीं बीजेपी ने इसे आस्था से जोड़कर पलटवार किया है। करीब 2 दिन पहले वाराणसी में एक वीडियो सामने आया जिसमें कुछ युवा गंगा नदी में नाव पर बीयर पीते और DJ पर डांस करते दिख रहे थे। नाव शीतला घाट से मिर्जापुर के शीतला माता मंदिर की ओर जा रही थी। गंगा की पवित्रता से जुड़ी आस्था के कारण वीडियो पर लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई।

भेलूपुर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए 25 वर्षीय अर्जुन राजभर को गिरफ्तार किया। अर्जुन नाव सजाने का काम करता है। पुलिस वीडियो में दिख रहे अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है। नाविक समाज ने भी घटना की निंदा की है। जब इस घटना पर अखिलेश यादव से सवाल पूछा गया तो उन्होंने बीजेपी सरकार पर सीधा निशाना साधा।उन्होंने कहा:
“क्या यह कोई नई बात है? लोग हर जगह बीयर पी रहे हैं… बीजेपी सरकार के सत्ता में आने के बाद से लोग ज्यादा पी रहे हैं क्योंकि वे तनाव में हैं और मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।”
अखिलेश ने इस घटना को नई बात मानने से इनकार करते हुए इसे बीजेपी शासन में बढ़ते ‘तनाव और परेशानियों’ से जोड़ा।

बीजेपी का पलटवार: ‘आस्था का अपमान’
अखिलेश के बयान पर डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य ने तुरंत पलटवार किया। उन्होंने कहा: “अखिलेश यादव का काम ही आस्था का अपमान करना है। वे लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं।” बीजेपी ने मामले को गंगा की पवित्रता और हिंदू आस्था से जोड़कर SP को घेरने की कोशिश की है। एक तरफ बीजेपी इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़कर SP को ‘हिंदू विरोधी’ दिखाने की कोशिश कर रही है। वहीं अखिलेश यादव इसे सरकार की प्राथमिकताओं और जनता पर बढ़ते आर्थिक-सामाजिक दबाव से जोड़ रहे हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और बाकी आरोपियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। लेकिन गंगा की लहरों पर उठा ये सियासी तूफान लखनऊ तक जरूर पहुंच गया है.

RELATED ARTICLES

Most Popular