एक तो चोरी ऊपर से सीनाज़ोरी’ हमारे देश भारत में ये कहावत काफ़ी मशहूर है, और इसका इस्तेमाल तब किया जाता है जब कोई किसी अपराध या गलती को करने के बावजूद अपनी गलती न माने और डरे भी न. और हमारे ही देश के दूसरे सबसे बड़े राज्य मध्य प्रदेश में हुई एक घटना इस कहावत का स्पष्ट पूरक बन रही है. मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा थाना क्षेत्र में भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे दिनेश लोधी ने थार गाड़ी से पांच लोगों को टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब यह मामला सत्ता और प्रशासन के बीच हाई वोल्टेज ड्रामे में बदल गया है।
शुरुआत में विधायक ने फेसबुक पर ‘जनता को सर्वोपरि’ बताते हुए न्याय की बात कही थी, लेकिन जल्द ही उनके सुर बदल गए। उन्होंने करैरा के एसडीओपी आयुष जाखड़ को खुलेआम धमकी दी है कि उनका बेटा न केवल वापस आएगा, बल्कि चुनाव भी लड़ेगा।
थार पर लिखा था विधायक
प्रीतम लोधी ने कहा, करेरा के एसडीओपी ने जो कहा है, वह मुझे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं है। उन्होंने मेरे बेटे को चेतावनी दी है कि वह दोबारा यहां न दिखे। मैं एसडीओपी से पूछना चाहता हूं, क्या करेरा आपके बाप का इलाका है? आम तौर पर मैं ऐसा नहीं कहता, लेकिन अब मैं साफ कर देना चाहता हूं। मेरा बेटा करेरा लौटेगा और चुनाव लड़ेगा। अगर तुम्हारे बाप में हिम्मत है, तो उसे रोकने की कोशिश करो। उन्होंने आगे कहा, मैं चाहता हूं कि एसडीओपी हमारा इतिहास भी देख लें। अगर तुम हम पर झूठे आरोप , अनुचित दबाव डालते हैं या पक्षपातपूर्ण जांच करते हैं, तो हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और मुंहतोड़ जवाब देंगे। मैं ऐसे अधिकारियों से कहना चाहता हूं कि अपनी सीमा में रहें, अपने अधिकार क्षेत्र में रहें। पुलिस के मुताबिक जिस थार गाड़ी से टक्कर मारी गई, उस पर ‘विधायक’ लिखा था और गाड़ी कथित तौर पर दिनेश लोधी चला रहा था।
करेरा थाना प्रभारी विनोद छावई ने बताया कि घटना 16 अप्रैल सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक, संजय परिहार अपने साथियों आशीष परिहार और अंशुल परिहार के साथ मोटरसाइकिल से धनरा गांव मजदूरी के लिए जा रहे थे तभी पीछे से आई थार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे तीनों युवक सड़क पर गिर गए। उन्होंने बताया कि इसके बाद गाड़ी ने पैदल चल रही सीता वर्मा और पूजा सोनी को भी टक्कर मार दी।बुरी तरीके से घायल हुए पीड़ितहादसे में संजय परिहार के हाथ-पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सीता वर्मा और पूजा सोनी को कमर, कंधे और सिर में चोट लगी है। छावई ने कहा कि घायलों के बयान और प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि थार पर विधायक लिखा था और वाहन दिनेश लोधी चला रहा था। अधिकारी ने बताया कि मामले में आरोपी दिनेश लोधी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पहले की थी निष्पक्ष जांच की अपील
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर विधायक प्रीतम लोधी ने अपने बेटे का बचाव न करते हुए पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की अपील की थी उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा था कि विधायक के लिए बेटा या परिवार बड़ा नहीं होता, जनता सर्वोपरि है और पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए।



